टनल बोरिंग मशीन लांच, मेट्रो के कार्य को मिलेगी गति




इंदौर। इंदौर मेट्रो परियोजना के भूमिगत निर्माण कार्य में आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) द्वारा इंदौर मेट्रो के भूमिगत सेक्शन के लिए पहली टनल बोरिंग मशीन (TBM) ‘नर्मदा’ की एयरपोर्ट स्थित शाफ्ट में सफलतापूर्वक लॉन्चिंग की गई। इस महत्वपूर्ण अवसर पर मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध संचालक श्री एस. कृष्ण चैतन्य ने TBM लॉन्चिंग की पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने इस जटिल एवं चुनौतीपूर्ण तकनीकी कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने वाली इंजीनियरिंग टीम एवं मेट्रो के अधिकारियों को बधाई दीं।

पहली TBM को ‘नर्मदा’ नाम दिया गया है। यह TBM इंदौर मेट्रो के एयरपोर्ट से बड़ा गणपति के बीच भूमिगत सुरंग के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। TBM के माध्यम से भूमिगत सुरंग निर्माण कार्य को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। TBM ‘नर्मदा’ का कुल वजन लगभग 410 मीट्रिक टन है। इतनी भारी एवं विशाल मशीन को पहले ग्राउंड लेवल पर असेंबल किया गया और इसके बाद विशेष तकनीकी व्यवस्था के माध्यम से एयरपोर्ट स्थित शाफ्ट के अंदर उतारा गया। TBM को उठाने, शिफ्ट करने एवं शाफ्ट में सुरक्षित रूप से नीचे उतारने के लिए Megalift System तथा Strand Jack Assembly जैसी विशेष तकनीक का उपयोग किया गया। यह प्रणाली 1000 मीट्रिक टन से अधिक भार उठाने में सक्षम है। इस पूरी प्रक्रिया में उच्च स्तरीय इंजीनियरिंग, तकनीकी दक्षता एवं सुरक्षा मानकों का पालन किया गया।


TBM ‘नर्मदा’ की सफल लॉन्चिंग के साथ इंदौर मेट्रो परियोजना के भूमिगत निर्माण कार्य ने एक महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश किया है। यह उपलब्धि इंदौर में आधुनिक, सुरक्षित एवं सुगम सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Post a Comment

0 Comments