उज्जैन में स्कूल को शहर से दूर शिफ्ट किए जाने के विरोध में छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। सराफा कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल की करीब 800 छात्राएं शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और स्कूल शिफ्टिंग के फैसले का विरोध किया।
प्रस्तावित योजना के तहत स्कूल को शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर दाऊदखेड़ी गांव स्थित सांदीपनि स्कूल भवन में शिफ्ट किया जाना है। छात्राओं का कहना है कि नए स्थान तक आने-जाने की पर्याप्त सुविधा नहीं है और रास्ते के सुनसान होने के कारण सुरक्षा को लेकर भी चिंता है।
प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने जमकर नारेबाजी की और कलेक्टर से मुलाकात की मांग की। छात्राओं का कहना है कि अगर स्कूल इतनी दूर चला गया तो कई अभिभावक बेटियों को वहां पढ़ने नहीं भेजेंगे, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो सकती है।
मामले की जानकारी मिलने पर एडीएम शाश्वत शर्मा ने छात्राओं से बातचीत की। बाद में जिला शिक्षा अधिकारी ने जल्द जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति की बैठक कराने का भरोसा दिया, जिसके बाद स्कूल शिफ्टिंग को लेकर आगे फैसला लिया जाएगा।

0 Comments