उज्जैन में नागपंचमी और सावन के तीसरे सोमवार के संयोग पर भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। साल में सिर्फ एक बार 24 घंटे के लिए खुलने वाले मंदिर के दर्शन के लिए रात से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी हैं।
इसी दौरान हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में भीड़ का दबाव बढ़ने से कुछ श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, कुछ महिला-पुरुष और युवतियों को घबराहट के बाद बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। परिजन और सुरक्षाकर्मी श्रद्धालुओं को संभालते हुए अस्पताल लेकर पहुंचे।
फिलहाल अस्पताल में भर्ती श्रद्धालुओं का इलाज जारी बताया जा रहा है। नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए प्रशासन ने स्वास्थ्य, सुरक्षा और एंबुलेंस की विशेष व्यवस्था की है।

0 Comments