नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो में एक महिला यात्री की कथित तौर पर बिना अनुमति तस्वीरें लेने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद CISF ने संबंधित जवान को तत्काल निलंबित कर दिया और मामले में विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना येलो लाइन पर AIIMS मेट्रो स्टेशन के पास हुई। महिला ने CISF कर्मी पर उसकी तस्वीरें लेने का आरोप लगाया। यात्रियों ने जब उसका मोबाइल चेक किया तो उसकी गैलरी में महिला की तस्वीरें मिलने की बात सामने आई। इसके बाद कोच में हंगामा हो गया और महिला ने तस्वीरें डिलीट करने की मांग की।
मामला बढ़ने पर यात्रियों और CISF कर्मी के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यात्रियों को जवान से सवाल करते हुए देखा जा सकता है। CISF ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments