युवाओं में संस्कार और राष्ट्रभाव जगाने इंदौर आ रही हैं साध्वी ऋतम्भरा

 


इंदौर। युवाओं में संस्कार, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शहर में 'प्रबोधन 2026' प्रेरणादायी व्याख्यान का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में परम पूज्य देवी मां साध्वी ऋतम्भरा जी मुख्य वक्ता के रूप में युवाओं को संबोधित करेंगी।

आयोजकों के अनुसार, व्याख्यान का विषय "विकसित भारत में युवाओं के जीवन में संस्कार का समावेश" रहेगा। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक सोच, स्पष्ट लक्ष्य, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक जीवन के महत्व से अवगत कराया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि आज का युवा ही देश का भविष्य है और यदि उसके जीवन में संस्कारों का समावेश हो तो वह समाज और राष्ट्र के विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकता है।

यह आयोजन 5 अगस्त 2026 (बुधवार) को लाभ मंडपम, अभय प्रशाल, इंदौर में होगा। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5 बजे स्वल्पाहार से होगी। इसके बाद शाम 6 बजे दीप प्रज्वलन, 6:15 बजे प्रेरणादायी व्याख्यान और रात्रि 7:30 बजे समापन होगा।

कार्यक्रम का आयोजन श्री कल्याणमल बंशीलाल गर्ग पारमार्थिक ट्रस्ट एवं छवि सोशल वेलफेयर सोसायटी द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों ने विद्यार्थियों, युवाओं, अभिभावकों और शहरवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर प्रेरणादायी विचारों का लाभ लेने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments