इंदौर। सावन माह में भगवान शिव की आराधना के बीच इंदौर में श्री मालवीय रजक समाज द्वारा भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई। बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजती इस यात्रा में हजारों श्रद्धालु नर्मदा जल लेकर बाबा महाकाल के जलाभिषेक के लिए उज्जैन रवाना हुए। झमाझम बारिश के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह और आस्था देखने लायक रही।

कावड़ यात्रा की शुरुआत कोयला बाखल स्थित श्रीराम मंदिर से विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना के बाद हुई। इसके पश्चात श्रद्धालु नर्मदा जल लेकर बाबा महाकाल के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाओं ने सिर पर कावड़ रखकर भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त की, जबकि पूरे मार्ग में शिवभक्ति का माहौल बना रहा।

यात्रा संयोजक अनिल बारिया ने बताया कि कावड़ यात्रा राजवाड़ा पहुंची, जहां देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई। उन्होंने कहा कि समाज द्वारा हर वर्ष यह यात्रा पूरे अनुशासन और धार्मिक उत्साह के साथ निकाली जाती है।

बारिश के बीच भी श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया तथा जलपान की व्यवस्था भी की।
कावड़ यात्रा का रात्रि विश्राम सांवेर में होगा। इसके बाद सभी श्रद्धालु उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल का नर्मदा जल से जलाभिषेक करेंगे और प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की प्रार्थना करेंगे।