राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के तलेन थाना क्षेत्र के इकलेरा गांव में पट्टे की जमीन को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। शाजापुर SP कार्यालय में पदस्थ ASI दिलीप प्रजापति ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से चार लोगों पर फायरिंग कर दी। घटना में दीपक मोहबे की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि सतीश, मुकेश और संतोष घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। रविवार दोपहर विवाद बढ़ने के बाद फायरिंग हुई। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
गोली लगने के बाद घायलों को शुजालपुर अस्पताल ले जाया गया। दीपक मोहबे की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि सतीश और मुकेश को गंभीर हालत में ICU में भर्ती कराया गया है। संतोष को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
घटना के बाद आरोपी ASI दिलीप प्रजापति और उसके भाई सुरेश के मोटरसाइकिल से भागने की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में विवाद की वजह पट्टे की जमीन सामने आई है और मामले में हत्या व हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

0 Comments