Nitin Nabin Team: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की बहुप्रतीक्षित टीम का हुआ एलान

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों को भी जगह दी गई है। संगठन में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश की गई है।

नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किए गए हैं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और भाजपा के वरिष्ठ नेता राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

नई टीम में पीयूष गोयल समेत कई प्रमुख नेताओं को भी संगठन में अहम जिम्मेदारियां मिली हैं। भाजपा ने आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से इस बड़े फेरबदल को अंजाम दिया है।

नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद से ही उनकी टीम को लेकर लंबे समय से इंतजार था। नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ युवा चेहरों और अलग-अलग राज्यों को प्रतिनिधित्व देने पर जोर दिखाई दे रहा है।

राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ संगठन के अलग-अलग महत्वपूर्ण दायित्वों में MP के 7 नेताओं को जगह मिली है।

नई टीम में लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और गजेंद्र पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। वहीं राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी मिली है।

पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा (VD शर्मा) को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक बनाया गया है। पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के बीच समन्वय में यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मानी जा रही है।

इसके अलावा मध्य प्रदेश के बंसीलाल गुर्जर को भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी मिली है।

Post a Comment

0 Comments