जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम सहसन में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां खेत से घर लौट रहे 14 वर्षीय अंशु पटेल की पानी से भरी गहरी खदान में डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, बारिश के कारण रास्ते में पानी भरा हुआ था। इसी दौरान अंशु खेत से घर लौट रहा था। ग्राम सहसन के पास अवैध रूप से खोदी गई खदान में पानी भरा था। बताया जा रहा है कि अचानक पैर फिसलने से अंशु खदान में जा गिरा। पानी अधिक गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद ग्रामीणों में अवैध खनन और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर नाराजगी देखने को मिली। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शाहपुरा-पाटन मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में गहरी खदानें खोदी गई हैं और बारिश के बाद इनमें पानी भर जाने से हादसे का खतरा बढ़ गया है। उनका कहना है कि ऐसी खदानों को सुरक्षित तरीके से बंद किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
घटना की सूचना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

0 Comments