पश्चिम मध्यप्रदेश में रूफटॉप सोलर का विस्तार तेजी से हो रहा है। बिजली कंपनी के अनुसार क्षेत्र में 83,500 से ज्यादा परिसरों में रूफटॉप सोलर नेट मीटर स्थापित हो चुके हैं। इन संयंत्रों की कुल क्षमता भी 525 मेगावाट से अधिक हो गई है।
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत पश्चिम मप्र में करीब 67 हजार स्थानों पर सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं। वहीं करीब 60 हजार उपभोक्ताओं को 470 करोड़ रुपये से ज्यादा की सब्सिडी डीबीटी के जरिए दी जा चुकी है। योजना में पात्र उपभोक्ताओं को 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी मिल रही है।
रूफटॉप सोलर के मामले में इंदौर नगरीय क्षेत्र 33 हजार से ज्यादा संयंत्रों के साथ सबसे आगे है। इसके बाद उज्जैन में करीब 7,500, रतलाम में 6,800, देवास में 4,900 और मंदसौर में करीब 4,500 स्थानों पर सौर ऊर्जा उत्पादन हो रहा है।
बिजली कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के मुताबिक, पीएम सूर्यघर योजना से लोगों में अपनी छत पर बिजली पैदा करने को लेकर रुचि बढ़ी है। कंपनी में सौर ऊर्जा से जुड़े प्रकरणों की नियमित समीक्षा के लिए विशेष प्रकोष्ठ भी काम कर रहा है।

0 Comments