मुंबई में 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा गिरी, 2 मौत; मचा हड़कंप

 


मुंबई। गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच मुंबई के भुलेश्वर इलाके में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। ‘भुलेश्वरचा राजा’ की करीब 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा आगमन जुलूस के दौरान अचानक गिर गई। प्रतिमा की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं।

हादसा रात करीब 10 बजे बलराम मर्चेंट रोड, कबूतरखाना और जय अंबे चौक के पास हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, दमकल और एंबुलेंस की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

मृतकों की पहचान संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) के रूप में हुई है। घायलों में 5 और 7 साल की दो बच्चियां भी शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक सभी घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

हादसे की वजह को लेकर जांच की जा रही है। गणेश प्रतिमा के आगमन जुलूस के दौरान हुए इस हादसे ने गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

0 Comments