छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के पिपोरा खुर्द गांव में एक ही परिवार की तीन मासूम सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान 9 वर्षीय पूनम, 5 वर्षीय मनीषा और 9 महीने की चाहत के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार रात परिवार के कई सदस्यों ने बैंगन का भरता और रोटी खाई थी। इसके बाद तीनों बच्चियों की तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि मौत बैंगन का भरता खाने से ही हुई। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने जांच शुरू की। अधिकारियों ने घर से बैंगन के भरते, रोटियों और अन्य संदिग्ध पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चियों की मौत फूड पॉइजनिंग, किसी जहरीले पदार्थ या किसी अन्य कारण से हुई। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।

0 Comments