इंदौर में ईद-ए-मिलादुन्नबी के मौके पर रविवार को दाऊदी बोहरा समाज की ओर से भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस सियागंज स्थित मस्जिद से शुरू हुआ और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए एबीएन स्कूल, छत्रीबाग पहुंचकर समाप्त हुआ। जुलूस में समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
जुलूस में घोड़े-बग्गी, बुरहानी गार्ड, बैंड-बाजे और अन्य आकर्षण लोगों के बीच चर्चा का केंद्र रहे। रास्तेभर बड़ी संख्या में समाजजन जुलूस में शामिल होते गए। इस दौरान दाऊदी बोहरा समाज के आमिल साहब, विभिन्न कमेटियों के सदस्य और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
जुलूस का मुख्य संचालन शबाब उल ईदुज जहाबी और बुरहानी गार्ड्स द्वारा किया गया। ईद-ए-मिलादुन्नबी के मौके पर समाज में विशेष उत्साह देखने को मिला।
अली असगर भोपालवाला और शब्बीर बेगवाला ने बताया कि ईद-ए-मिलादुन्नबी की रात शहर की सभी बोहरा मस्जिदों में विशेष मजलिसों का आयोजन किया जाएगा। इनमें धार्मिक कार्यक्रम होंगे और समाजजन बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

0 Comments