इंदौर। करीब साढ़े तीन महीने बाद इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर की 10 दान पेटियां खोली गईं। पहले दिन की गणना में इन पेटियों से अब तक करीब 26 लाख रुपए की दान राशि सामने आई है। ये पेटियां मंदिर परिसर में बने छोटे-छोटे मंदिरों की हैं।
मंदिर प्रबंधक घनश्याम शुक्ला के मुताबिक, 10 दान पेटियों से निकली राशि की गणना पूरी हो चुकी है। मंदिर में कुल 40 दान पेटियां हैं। इनमें मुख्य गणेश मंदिर, शिव मंदिर और दुर्गा मंदिर की पेटियों में सबसे अधिक दान आने की उम्मीद है। इन पेटियों को कल या परसों खोला जा सकता है।
दरअसल, मंदिर में पुजारियों द्वारा कथित तौर पर अलग से कटोरा रखकर दान लेने की व्यवस्था पर रोक लगाए जाने के बाद यह पहली बड़ी दान पेटी गणना है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, पुजारी परिवारों को पूजा-पाठ के एवज में निर्धारित मानदेय दिया जाता है और इसके अतिरिक्त चढ़ोतरी लेने का अधिकार नहीं है।
कटोरा हटने के बाद अब दान पेटियों में पहले की तुलना में अधिक राशि आने का अनुमान लगाया जा रहा है। आने वाले दिनों में बाकी 30 दान पेटियों की गणना के बाद कुल दान राशि का आंकड़ा सामने आएगा।

0 Comments