रांची। झारखंड में बीजेपी विधायकों के मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन को लेकर सियासत गरमा गई है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस प्रदर्शन को लेकर बेहद गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास के पास बीजेपी विधायकों का धरना महज राजनीतिक विरोध नहीं था, बल्कि यह मुख्यमंत्री को मारने की कोशिश थी।
इरफान अंसारी ने कहा कि जिस समय बीजेपी विधायक मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे, उस वक्त मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर के अंदर मौजूद थे। मंत्री ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह मुख्यमंत्री आवास के पास प्रदर्शन करना गंभीर मामला है और अगर प्रदर्शनकारियों की ओर से मुख्यमंत्री को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
दरअसल, 10 अगस्त को बीजेपी नेताओं और विधायकों ने झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग करते हुए उनके आधिकारिक आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। रिपोर्ट के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत करीब 50 बीजेपी नेताओं को हिरासत में लिया गया। इनमें 21 विधायक भी शामिल थे।
यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन और विधानसभा घेराव को लेकर भी सरकार और विपक्ष आमने-सामने हैं। 10 अगस्त को छात्रों के विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई में कई छात्रों के घायल होने का मामला भी राजनीतिक मुद्दा बना हुआ है। इरफान अंसारी घायल छात्रों से मिलने अस्पताल पहुंचे थे और इसी दौरान उन्होंने बीजेपी के मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन पर यह टिप्पणी की।

0 Comments