‘राष्ट्र प्रेम की बने मिसाल, 15 अगस्त मनाएं जैसे नया साल’


इंदौर। स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता के उत्सव के रूप में मनाने के उद्देश्य से ‘जन-चेतना अभियान’ के तहत इस वर्ष भी विशेष आयोजन किया जाएगा। अभियान की शुरुआत दिवंगत पूर्व विधायक अश्विन जोशी की पहल पर वर्ष 1997 में हुई थी।

अभियान के तहत 15 अगस्त को नववर्ष की तरह मनाने और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया था। वर्ष 2025 तक इस संकल्प को लगातार निभाया गया। इस वर्ष का आयोजन स्व. अश्विन जोशी को श्रद्धांजलि स्वरूप समर्पित किया गया है।

कार्यक्रम में बैंड और स्कूली-कॉलेज विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना और देश की रक्षा में समर्पित जल, थल और वायु सेना के प्रति सम्मान व्यक्त करना है।

अभियान के माध्यम से सामाजिक, खेल, सांस्कृतिक, चिकित्सा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को भी सम्मानित किया जाता है। आयोजकों ने देशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करने की अपील की है।



कार्यक्रम को लेकर स्व. अश्विन जोशी के पुत्र आदित्य जोशी से जब पूछा गया कि क्या इस आयोजन के माध्यम से वे राजनीति में कदम रखने की तैयारी कर रहे हैं, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम पूरी तरह गैर-राजनीतिक रहेगा। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य केवल राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना है।

Post a Comment

0 Comments