सिंहस्थ-2028 से पहले इंदौर को बड़ी सौगात, चंद्रावतीगंज ROB का टेंडर स्वीकृत

 


इंदौर। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच इंदौर की रेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। चंद्रावतीगंज रेलवे फाटक पर लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण का टेंडर स्वीकृत हो गया है। करीब ₹45 करोड़ की लागत से बनने वाले इस ROB का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

रेलवे विभाग द्वारा बनाए जाने वाले इस ओवरब्रिज के बनने के बाद चंद्रावतीगंज रेलवे फाटक पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान बार-बार लगने वाले जाम से क्षेत्रवासियों और यात्रियों को राहत मिलेगी। इससे आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होने के साथ ही रेलवे फाटक पर निर्भरता भी कम होगी।

सांसद लालवानी सिंहस्थ-2028 को देखते हुए इंदौर और आसपास की रेल परियोजनाओं को प्राथमिकता दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने रेल मंत्री  अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर सिंहस्थ की तैयारियों के मद्देनजर इंदौर की रेल अधोसंरचना से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों और आवश्यकताओं को सामने रखा था।

उज्जैन में वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इंदौर को सिंहस्थ के प्रमुख प्रवेश द्वारों में से एक माना जा रहा है। ऐसे में इंदौर और उज्जैन के बीच रेल कनेक्टिविटी के साथ-साथ आसपास की रेल अधोसंरचना को मजबूत करना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सांसद के अनुसार, रेल मंत्री ने इंदौर और मालवा क्षेत्र से जुड़े रेल विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों को प्रस्तावों की समीक्षा करने तथा सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए आवश्यक परियोजनाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

चंद्रावतीगंज ROB की स्वीकृति को इसी दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इसके निर्माण से रेलवे फाटक के बंद होने के कारण बनने वाले यातायात जाम से लोगों को स्थायी राहत मिलने के साथ ही सिंहस्थ के दौरान इंदौर से उज्जैन की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन को भी सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि सिंहस्थ केवल उज्जैन का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे मालवा और मध्यप्रदेश के लिए बड़ा आयोजन है। करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए इंदौर की रेल अधोसंरचना को समय रहते मजबूत करना प्राथमिकता है। उन्होंने चंद्रावतीगंज ROB के टेंडर स्वीकृत होने को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Post a Comment

0 Comments