![]() |
| किचन में सामग्री सील करती टीम |
इंदौर। खाद्य विभाग ने आज शहर की नामी होटल पर अचानक छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान कई प्रकार की अनियमितता मिलीं। जिला प्रशासन और खाद्य विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई में यह पहली बार है जब किसी फाइव स्टार होटल पर छापा मारा है। विभाग की ओर से अभी अधिकृत जानकारी नहीं दी गई है। सूत्रों के अनुसार सयाजी होटल पर छापामार कार्रवाई में 66 किलो नॉन-वेज खाद्य सामग्री बिना पैकिंग/निर्माण तिथि के मिली। वहीं खाद्य सामग्री के लिए निर्धारित तापमान का उचित रखरखाव नहीं किया जा रहा था।
कोल्ड स्टोरेज में वेज और नॉन-वेज खाद्य सामग्री एक साथ रखी मिली। सी-फूड, चिकन और मटन का स्टोरेज भी एक साथ पाया गया। कई खाद्य सामग्री दीवार से सटाकर रखी गई थी। बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री प्लेट के बिना सीधे फर्श पर रखी मिली। कुछ खाद्य सामग्री का स्टोरेज निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं था। पैक्ड कुल्फी पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और बैच नंबर नहीं मिले।
स्टोर में फ्रोजन डेजर्ट रखा था, जबकि मेन्यू में इसे आइसक्रीम के रूप में दर्शाया गया था। इसके साथ ही उबले हुए आलू पर एक्सपायरी डेट की टैगिंग मिली। कई खाद्य उत्पाद बिना उचित लेबल के मिले। मूंगफली में फंगस पाया गया। स्टोर में सड़े हुए टमाटर और आलू मिले। शुगर पाउच पर ‘सयाजी’ नाम अंकित था, जबकि संबंधित उत्पाद/श्रेणी लाइसेंस में दर्ज नहीं होने की बात सामने आई। वहीं परिसर में कॉकरोच और चूहों की लीद मिली। निरीक्षण के दौरान चूहे भी पाए गए। गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग व्यवस्था नहीं मिली। टॉपिंग के टेट्रापैक लीक मिले, जिससे खाद्य सामग्री के दूषित होने की आशंका है।
वेजिटेबल स्टोरेज में भी जंग पाई गई। वहीं होटल के लाइसेंस में नॉन-वेज गतिविधि दर्ज नहीं, जबकि मौके पर नॉन-वेज खाद्य सामग्री रखी और इस्तेमाल होती मिली। लाइसेंस में बेकरी शामिल नहीं, जबकि होटल में इन-हाउस बेकरी संचालित है। लाइसेंस में स्वीट्स भी शामिल नहीं, जबकि मौके पर मिठाइयां बनाई जा रही थीं। होटल फाइव स्टार श्रेणी का है, लेकिन निरीक्षण में संबंधित सेंट्रल लाइसेंस को लेकर भी आपत्ति सामने आई। इस्तेमाल किया हुआ/जला हुआ तेल सीधे ड्रेनेज में डाला जा रहा था। विभाग ने निरीक्षण के दौरान पनीर, कच्चा नॉन-वेज, पैक्ड पनीर, सौंफ, ड्राई फ्रूट्स एवं अन्य खाद्य सामग्री के सैंपल लिए हैं जिन्हें सील कर लैब भेजा जाएगा।

0 Comments