इंदौर। स्वच्छता में लगातार देश का परचम लहराने वाले इंदौर ने अब पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया है। शहर के रेवती रेंज पर एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम द्वारा की गई सूक्ष्म जांच और गिनती के बाद यह पुष्टि की गई है कि वहां वर्तमान में 13 लाख 10 हजार 12 वृक्ष पूरी तरह सुरक्षित और जीवित स्थिति में लहलहा रहे हैं। किसी एक स्थान पर लाखों पौधे लगाकर उन्हें सफलतापूर्वक वृक्ष के रूप में सहेजने का यह अपने आप में एक अनूठा विश्व कीर्तिमान है।
रविवार, 9 अगस्त को आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, मध्य प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और हज़ारों नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर इंदौरवासियों ने एक बार फिर एकजुटता का परिचय देते हुए रेवती रेंज पर 51,000 नए पौधों का रोपण भी किया।
'एक पेड़ माँ के नाम' के संकल्प को इंदौर ने दी सिद्धि
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ माँ के नाम' संकल्प को इंदौर की जनता ने धरातल पर सच कर दिखाया है।
उन्होंने कहा: "इंदौर ने न केवल स्वच्छता में अपनी मिसाल कायम की है, बल्कि अब यह शहर क्लीन सिटी के साथ-साथ देश की सबसे प्रमुख 'ग्रीन सिटी' बनने की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। रेवती रेंज की पथरीली जमीन पर आज लहलहाती हरियाली इंदौर के अद्भुत सिविक सेंस का प्रमाण है।"
"एक पौधा लगाना, एक शिवालय का निर्माण करने जैसा" - कैलाश विजयवर्गीय
कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौरवासियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि 9 अगस्त का दिन क्रांति का प्रतीक है और आज इंदौर पर्यावरण सुरक्षा के क्षेत्र में देश को एक नई हरित क्रांति का संदेश दे रहा है।
विजयवर्गीय ने घोषणा की कि इस वर्ष इंदौर में 21 लाख पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है, और हर रविवार को पौधारोपण का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।



0 Comments