इंदौर। सावन के पवित्र महीने में शहर के तुलसी नगर क्षेत्र में शिव भक्ति का एक अनोखा और भव्य नजारा देखने को मिला। बच्चों के विशेष उत्साह के साथ आयोजित 'बाल कावड़ यात्रा' में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम नजर आया। यह यात्रा तुलसी नगर स्थित सरस्वती मंदिर से विधि-विधान के साथ शुरू होकर आर.आर. एवेन्यू स्थित अनंतेश्वर महादेव मंदिर पर संपन्न हुई।
लगभग दो किलोमीटर लंबे इस यात्रा मार्ग पर पूरे समय भक्ति का माहौल बना रहा। डीजे की धार्मिक धुनों पर नाचते-थिरकते बच्चों ने पूरे क्षेत्र को शिवमय कर दिया। इस धार्मिक आयोजन में लगभग 400 से 500 बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपने नन्हें कंधों पर कावड़ उठाई। यात्रा के दौरान रास्ते भर स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर नन्हें कावड़ियों का भव्य स्वागत किया।
इस सफल आयोजन के मुख्य आयोजक कुश वानखेड़े और रीदित वानखेड़े हैं। दोनों भाइयों द्वारा आयोजित की जा रही इस बाल कावड़ यात्रा का यह लगातार तीसरा वर्ष था। उल्लेखनीय है कि कुश और रीदित, पूर्व विधायक एवं वर्तमान में इंदौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े के सुपुत्र हैं। यात्रा के दौरान बच्चों का उमंग भरा नाच-गाना और उनकी निष्कपट शिव भक्ति पूरे मार्ग में आकर्षण का केंद्र बनी रही, जिसने स्थानीय निवासियों का मन मोह लिया।

0 Comments