गुना में शर्मनाक घटना: भतीजा विवाहिता को भगाकर ले गया, ग्रामीणों ने चाचा को जूतों की माला पहनाकर किया अपमानित; वीडियो वायरल होने के बाद मौत


 गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले के आरोन क्षेत्र के अमरपुरा गांव से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक के विवाहिता महिला को साथ लेकर चले जाने के बाद उसके चाचा को कथित तौर पर बंधक बनाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। ग्रामीणों ने उसके हाथ रस्सी से बांधकर गले में जूतों की माला पहनाई और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

मृतक की पहचान कजोड़ बंजारा (40) के रूप में हुई है। बताया गया कि कजोड़ का भतीजा होरिबो गांव की एक विवाहित महिला को अपने साथ ले गया था। महिला के परिजनों ने कजोड़ पर भतीजे की मदद करने का आरोप लगाया था। इसी रंजिश में उसके साथ कथित तौर पर मारपीट और बदसलूकी की गई।

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कजोड़ मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को आरोन से लौटते समय उसने गांव के बाहर जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

रिपोर्ट के मुताबिक, कजोड़ अस्पताल में खुद को निर्दोष बताते हुए हाथ जोड़ता रहा और वायरल वीडियो का जिक्र करता रहा। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

Post a Comment

0 Comments