उप सरपंच पर सरकारी और आदिवासी जमीन पर कब्जे के गंभीर आरोप


इंदौर जिले की राऊ तहसील के ग्राम माचला में उप सरपंच विक्रम ठाकुर पर शासकीय भूमि, आदिवासी स्वामित्व की जमीन और मंदिर की भूमि पर अवैध निर्माण व दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। 


पूर्व सरपंच अशोक बामनिया ने बताया कि माचला स्थित शासकीय सर्वे क्रमांक 155/1/2 पर अतिक्रमण कर 11 से 12 दुकानें बनाई गई हैं और उन्हें किराये पर देकर व्यावसायिक लाभ कमाया जा रहा है। इसके अलावा, सर्वे क्रमांक 121/1/3 (रकबा 0.607 हेक्टेयर), जो कि आदिवासी स्वामित्व की भूमि है, उस पर अवैध कॉलोनी के निर्माण का आरोप है। साथ ही, खेड़पति हनुमान मंदिर के नाम दर्ज सर्वे क्रमांक 84 व 85 से होकर दीपक नागर के स्वामित्व वाली भूमि (सर्वे क्रमांक 204/3) की अवैध कॉलोनी के लिए पुजारी मयंक भार्गव के साथ मिलकर रास्ता बेचने की बात भी कही गई है।

प्राथमिक स्कूल के खेल मैदान पर बिना शासकीय अनुमति के धर्मशाला का निर्माण कराया गया है, जिससे बच्चों की पढ़ाई में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। यह भी आरोप है कि स्कूल में राष्ट्रीय ध्वज के स्थान पर भगवा ध्वज लगाया गया है। इसके अतिरिक्त, उप सरपंच के रिश्तेदारों द्वारा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री का दावा करते हुए आरोप लगाया गया है कि राजनीतिक पद का दुरुपयोग कर शासकीय संपत्तियों को नुकसान पहुँचाया जा रहा है।

फिलहाल यह आरोप अशोक बामनिया ने लगाए है और इनकी पुष्टि कार्रवाई के बाद ही होगी

Post a Comment

0 Comments