इंदौर। सावन माह के अवसर पर इंदौर में आस्था और भक्ति का भव्य आयोजन होने जा रहा है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-3 के विधायक गोलू शुक्ला के नेतृत्व में मातृशक्ति कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस बार यात्रा की खास बात यह होगी कि 10 हजार से अधिक मातृशक्ति यानी महिलाएं राजवाड़ा स्थित जबरेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव को जल चढ़ाएंगी।
आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बड़ी संख्या में महिलाओं के शामिल होने के कारण यात्रा को भव्य स्वरूप देने की तैयारी है। आयोजकों का कहना है कि सावन के पावन माह में भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और आस्था प्रकट करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।
विधायक गोलू शुक्ला ने देश ध्वनि को बताया कि यह यात्रा 24 अगस्त को सुबह 10 बजे से शुरू होगी। यात्रा का शुभारंभ गांधी हॉल से होगा, जहां से बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु शामिल होंगे। यात्रा राजवाड़ा स्थित जाबरेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां मातृशक्ति द्वारा भगवान शिव को जल चढ़ाएंगी।
विधायक ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है और हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में उत्साह देखने को मिलता है। इस वर्ष 10 हजार से अधिक मातृशक्ति के शामिल होने की उम्मीद है।
यात्रा के दौरान धार्मिक वातावरण और शिवभक्ति का माहौल देखने को मिलेगा। राजवाड़ा के ऐतिहासिक क्षेत्र में इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं के एक साथ पहुंचने और भगवान जबरेश्वर महादेव का जलाभिषेक करने को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह है।
आयोजन के माध्यम से सावन के महीने में भगवान शिव की आराधना के साथ नारी शक्ति की सहभागिता और धार्मिक एकजुटता का संदेश भी दिया जाएगा।


0 Comments