'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत कृषि महाविद्यालय से हुई शुरुआत, इंदौर में 21 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

 


इंदौर। पर्यावरण संरक्षण और हरित इंदौर के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत रविवार को कृषि महाविद्यालय परिसर में 11 हजार पौधारोपण अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और महाविद्यालय परिवार के साथ पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ मां के नाम" अभियान को जनआंदोलन बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वे अब तक एक करोड़ पौधे लगा चुके हैं और इंदौर में 21 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने का भी आग्रह किया।



विजयवर्गीय ने कृषि महाविद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए ऑर्गेनिक खेती को भविष्य की आवश्यकता बताया। उन्होंने झाबुआ जिले का उदाहरण देते हुए कहा कि शोध और आधुनिक तकनीक के साथ प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों, विशेष रूप से यूरिया और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग के दुष्प्रभावों पर भी चिंता जताई और किसानों से संतुलित एवं पर्यावरण हितैषी कृषि पद्धतियां अपनाने की अपील की।

मंत्री ने कहा कि पौधारोपण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान कृषि महाविद्यालय परिवार ने जल आपूर्ति से जुड़ी अपनी मांग भी मंत्री के समक्ष रखी, जिस पर उन्होंने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया


इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौड़, पार्षद राजीव जैन, विजयलक्ष्मी गोहर, कृषि महाविद्यालय के डीन भारत सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और कॉलेज स्टाफ मौजूद रहा।


Post a Comment

0 Comments