इंदौर। बेंगलुरु के पास शिवगंगे पहाड़ी पर ट्रेकिंग के लिए गया इंदौर का 31 वर्षीय अद्वैत उपाध्याय लापता हो गया है। शुक्रवार को शिवगंगे पहुंचने के बाद वह बाइक पहाड़ी की तलहटी में खड़ी कर ट्रेकिंग के लिए निकला था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस ने उसकी तलाश में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है।
पुलिस के मुताबिक, अद्वैत ने ट्रेकिंग पर जाने से पहले अपनी मंगेतर को इसकी जानकारी दी थी। वह बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड इलाके की एक फाइनेंस कंपनी में काम करता है और बेगुर क्षेत्र में रहता है। शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे वह शिवगंगे की तलहटी में पहुंचा था। वहां बाइक खड़ी करने के बाद उसे पहाड़ी की ओर जाते हुए CCTV में देखा गया।
इसके बाद अद्वैत से संपर्क टूट गया और उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। परिवार ने उसके साथ किसी अनहोनी या अपहरण की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस ने अभी अपहरण की पुष्टि नहीं की है।
अद्वैत की गुमशुदगी का मामला दर्ज कर पुलिस और रेस्क्यू टीमें शिवगंगे पहाड़ी तथा आसपास के दुर्गम इलाकों में तलाश कर रही हैं। खोज अभियान में ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों की भी मदद ली जा रही है।

0 Comments