इंदौर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संस्था सार्थक की ओर से शुक्रवार को दिव्यांगजनों के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कोठारी मार्केट पार्किंग से शुरू हुई यात्रा गांधी हॉल पहुंची, जहां राष्ट्रगान के साथ इसका समापन हुआ।
व्हीलचेयर पर सवार दिव्यांगजनों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में हिस्सा लिया और देशभक्ति व राष्ट्र के प्रति सम्मान का संदेश दिया। यात्रा का नेतृत्व पद्मश्री सत्येंद्र सिंह लोहिया ने किया। इस दौरान पैरा खिलाड़ी, दिव्यांग उद्यमी और कला क्षेत्र से जुड़े दिव्यांगजन भी शामिल हुए।
यात्रा में पैरा टेबल टेनिस की नेशनल प्लेयर और ऑल इंडिया रैंक-5 हर्षिता शहरी तथा ऑल इंडिया रैंक-10 भविष्य जैन भी मौजूद रहे। पूरे मार्ग में दिव्यांगजनों का उत्साह और राष्ट्रभक्ति आकर्षण का केंद्र रही।
संस्था सार्थक के अध्यक्ष दीपक जैन (टीनू) ने कहा कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की क्षमता को सीमित नहीं करती। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य दिव्यांगजनों के प्रति केवल सहानुभूति नहीं, बल्कि सम्मान, समान अवसर और समान भागीदारी का संदेश देना है।
गांधी हॉल पहुंचने के बाद राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन हुआ।

0 Comments