दर्दनाक! सरकारी अस्पताल के NICU में आग, 3 नवजात झुलसे

 


छिंदवाड़ा। जिला अस्पताल की नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU/SNCU) में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे बड़ा हादसा हो गया। नवजातों को गर्म रखने के लिए इस्तेमाल होने वाली वार्मर मशीन में अचानक स्पार्किंग के बाद आग लग गई। आग की चपेट में आने से वार्मर में रखे तीन नवजात झुलस गए।

घटना के बाद NICU में अफरा-तफरी मच गई। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और स्टाफ ने तत्काल बच्चों को वार्मर से बाहर निकाला और आग बुझाकर उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वार्मर की हीटिंग यूनिट के फिलामेंट में स्पार्किंग को आग लगने की वजह बताया जा रहा है।

तीनों नवजातों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। छिंदवाड़ा में पीडियाट्रिक सर्जन उपलब्ध नहीं होने के कारण यह फैसला लिया गया। बच्चों को दो डॉक्टरों की निगरानी में जबलपुर भेजा गया।

वहीं, इलाज के दौरान एक नवजात बच्ची की मौत की खबर सामने आई है। अन्य घायल बच्चों का इलाज जारी है।

हादसे के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि वार्मर में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट किस वजह से हुआ और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई। 

Post a Comment

0 Comments