सांवेर के लसुड़िया में आज जन विश्वास शिविर

  • विधानसभा क्षेत्र सांवेर के लसुड़िया परमार में नागरिकों की समस्याओं का मौके पर किया जाएगा
  • फाइल फोटो

    निराकरण
  • कलेक्टर कार्यालय से सुबह 8:30 बजे सभी अधिकारी एक ही बस से शिविर के लिए होंगे रवाना

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत 20 अगस्त को विधानसभा क्षेत्र सांवेर के लसुड़िया परमार के पंचायत भवन में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। जन-विश्वास शिविर में इंदौर से अधिकारियों का दल सुबह साढ़े आठ बजे सांवेर के लिए रवाना होंगे। शिविर में बुढ़ी बरलाई, पीरकराड़िया, पुर्वाड़ाहप्पा, पुर्वाडादाई, बरलई जागीर, मकोडिया, मांगलिया सड़क, सुल्लाखेड़ी, रामपिपल्या, ढ़ाबली, डकाच्या, पलासिया, मण्डलावदा, लसुडिया परमार के नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का निराकरण किया जाएगा।

शिविर के दौरान जिला प्रशासन, जिला पंचायत एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। अधिकारियों द्वारा क्षेत्र की शासकीय संस्थाओं एवं आधारभूत सुविधाओं का मैदानी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति देखी जाएगी। अभियान के अंतर्गत जनसंवाद के माध्यम से नागरिकों की समस्याएं सुनी जाएंगी तथा उनका यथासंभव मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। सीएम हेल्पलाइन, इंदौर 311 ऐप सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा कर लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की मैदानी स्थिति भी देखी जाएगी। इस अवसर पर उद्यम संवाद कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के उद्यमी तथा स्टार्टअप से जुड़े हितग्राही शामिल होंगे। वे अपने अनुभव साझा करेंगे। इस कार्यक्रम में उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान भी सुनिश्चित किया जाएगा।

 साथ ही स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया जाएगा। इसमें मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाईयां वितरित की जाएगी। इस अवसर पर आम नागरिकों के आधार अपडेशन का कार्य भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों तक शासन-प्रशासन की पहुंच को और अधिक सशक्त बनाना, क्षेत्र भ्रमण के माध्यम से समस्याओं का मौके पर समाधान करना, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा नागरिकों को लोक सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराना है।

अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को जिले के नगर निगम, नगर परिषद एवं जनपद पंचायत क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में जिला प्रशासन, स्थानीय निकायों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनका यथासंभव मौके पर निराकरण कर रहे हैं। विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं, लोक सेवा गारंटी से संबंधित सेवाओं एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की जा रही है। अभियान के आगामी कार्यक्रमों के तहत 11 सितंबर को नगर परिषद गौतमपुरा, 18 सितंबर को जनपद पंचायत महू के कांकरिया तथा 25 सितंबर को इंदौर नगर निगम के झोन क्रमांक-6 में शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान 8 जनवरी 2027 तक जिले के निर्धारित क्षेत्रों में क्रमवार संचालित होगा।

 अभियान के दौरान जनसंवाद कार्यक्रमों में प्राप्त शिकायतों के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की भी विशेष समीक्षा की जाएगी। जिन मामलों का निराकरण जिला स्तर पर संभव नहीं होगा अथवा जिनमें राज्य स्तर के निर्णय, नीति, बजट या तकनीकी स्वीकृति की आवश्यकता होगी, ऐसे प्रकरणों में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

अभियान की समस्त गतिविधियों की पोर्टल आधारित मॉनिटरिंग की जाएगी। सभी अधिकारी निर्धारित प्रारूप में जानकारी समयबद्ध रूप से दर्ज करेंगे। कार्यक्रमों का आयोजन सादगी एवं मितव्ययिता के साथ करने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा पूर्व निर्मित अधोसंरचनाओं का ही उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Post a Comment

0 Comments