इंदौर। ट्रांसजेंडर समुदाय के व्यक्तियों के अधिकारों के संरक्षण एवं उनके विरुद्ध होने वाले शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक, यौन एवं आर्थिक शोषण को रोकने के उद्देश्य से इंदौर जिले में जिला स्तरीय ट्रांसजेंडर प्रोटेक्शन सेल का गठन किया गया है। गठित सेल का मुख्य उद्देश्य ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों का संरक्षण करना तथा उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। समिति द्वारा ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के साथ होने वाले भेदभाव एवं उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों का पंजीयन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को पहचान एवं परिचय पत्र जारी कराने में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। पुलिस एवं आमजन के बीच संवेदनशीलता बढ़ाने के लिए संवेदीकरण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रति भेदभाव को कम किया जा सके और उन्हें समान अधिकार मिल सकें। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के ट्रांसजेंडर व्यक्तियों (अधिकारों का संरक्षण) नियम - 2021 के प्रावधानों तथा मध्यप्रदेश शासन के नियमों के अंतर्गत उक्त समिति का गठन किया गया है।
इंदौर जिला स्तरीय समिति (ट्रांसजेंडर प्रोटेक्शन सेल) में पुलिस अधीक्षक को अध्यक्ष तथा संयुक्त संचालक, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण को सचिव बनाया गया है। इसी प्रकार कानूनी सलाहकार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, आयुक्त नगर पालिक निगम इंदौर, जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग तथा श्रम अधिकारी श्रम विभाग को सदस्य बनाया गया है। ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रतिनिधि तपिश फाउंडेशन के श्री निकुंज जैन को भी सेल में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। जिला स्तरीय ट्रांसजेंडर प्रोटेक्शन सेल का गठन ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों के संरक्षण, उनके विरुद्ध होने वाले भेदभाव एवं उत्पीड़न की रोकथाम तथा उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए किया गया है।

0 Comments