भोपाल। शहर में दूध की शुद्धता को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इतवारा रोड स्थित नन्हे चाचा दूध डेयरी के मिक्स दूध के सैंपल में डिटर्जेंट की मौजूदगी पाई गई है। खाद्य विश्लेषक की जांच रिपोर्ट में दूध को मानव उपभोग के लिए ‘असुरक्षित’ घोषित किया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक, डेयरी से रोजाना करीब 300 लीटर दूध बेचा जाता था। विभाग ने 27 जुलाई को मिक्स दूध का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा था। 4 अगस्त को आई रिपोर्ट में डिटर्जेंट की मौजूदगी की पुष्टि हुई। इसके बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने डेयरी का खाद्य पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
निलंबन अवधि में डेयरी से दूध, मिक्स दूध और किसी भी अन्य खाद्य पदार्थ का निर्माण, प्रसंस्करण, भंडारण, वितरण और बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। मामले में आगे की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग के स्तर पर की जा रही है।

0 Comments