VVIP इलाके में विधायक के बंगले में दिनदहाड़े चोरी, ताले तोड़कर नल-टोंटियां ले गए चोर

 


भोपाल। राजधानी के सबसे सुरक्षित और वीआईपी इलाकों में शामिल चार इमली में चोरों ने भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के सरकारी बंगले को निशाना बना लिया। रविवार दोपहर बंगला सूना होने का फायदा उठाकर बदमाश अंदर घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। 

जानकारी के मुताबिक, अजय विश्नोई को चार इमली में डी-11/03 सरकारी बंगला आवंटित है। वे महीने में कुछ ही दिनों के लिए भोपाल आते हैं, जिसके चलते बाकी समय बंगला खाली रहता है। इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने बंगले के ताले तोड़े और अंदर से नल, टोंटियां समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। 

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह वारदात ऐसे इलाके में हुई, जहां प्रदेश के मंत्री, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी रहते हैं। रिपोर्टों के अनुसार, अजय विश्नोई के बंगले के ठीक सामने स्पेशल डीजी अजय शर्मा का सरकारी आवास है। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात कर फरार हो गए। 

घटना सामने आने के बाद वीआईपी इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बदमाशों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। 

Post a Comment

0 Comments