उज्जैन। सावन के पावन महीने में प्रसिद्ध गायक बी प्राक रविवार को उज्जैन पहुंचे और बाबा महाकाल के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन किए और तड़के होने वाली भस्म आरती में शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद लिया।
भस्म आरती के दौरान बी प्राक पूरी तरह शिव भक्ति में लीन नजर आए। दर्शन के बाद उन्होंने सावन के महीने में बाबा महाकाल के दरबार आने को अपना सौभाग्य बताया। उन्होंने कहा कि उन पर महादेव की कृपा बनी हुई है और वे बाबा महाकाल से आशीर्वाद लेने के लिए यहां पहुंचे हैं।
जल्द आएगा ‘महाकाल-2’
बाबा महाकाल के दर्शन के बाद बी प्राक ने अपने प्रशंसकों को एक खास अपडेट भी दिया। उन्होंने बताया कि उनका लोकप्रिय भक्ति गीत ‘महाकाल’ के बाद अब ‘महाकाल-2’ जल्द आने वाला है। इससे उनके शिव भक्ति से जुड़े गीतों को लेकर प्रशंसकों में उत्सुकता बढ़ गई है।
शाम को देंगे प्रस्तुति
उज्जैन प्रवास के दौरान बी प्राक रविवार शाम आयोजित ‘शिवतत्व-श्रावण कला उत्सव’ में भी प्रस्तुति देंगे। यानी सुबह बाबा महाकाल की भस्म आरती में आस्था के रंग में रंगे बी प्राक शाम को अपनी आवाज से शिव भक्ति का माहौल बनाएंगे।
बी प्राक के महाकाल दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और उनके प्रशंसकों में भी खास उत्साह देखने को मिला।

0 Comments