भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। इसमें मध्य प्रदेश के मंदसौर से राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर को भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
किसान राजनीति में लंबे अनुभव के चलते बंशीलाल गुर्जर को यह जिम्मेदारी दी गई है। वे भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और करीब 15 वर्षों तक मंदसौर कृषि उपज मंडी के अध्यक्ष रहे। भाजपा किसान मोर्चा में वे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
मंदसौर के लालघाटी गांव से आने वाले गुर्जर लंबे समय से संगठन और किसान राजनीति में सक्रिय हैं। वे 2024 से मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं। अब किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर उनकी जिम्मेदारी देशभर में भाजपा की किसान इकाई को मजबूत करने की होगी।
बंशीलाल गुर्जर की नियुक्ति इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि मंदसौर किसान आंदोलन की वजह से राष्ट्रीय स्तर पर किसान राजनीति में खास पहचान रखता है। ऐसे में किसान पृष्ठभूमि से आने वाले नेता को राष्ट्रीय किसान मोर्चे की कमान देना भाजपा के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक और संगठनात्मक फैसला माना जा रहा है।

0 Comments