ढाका/रंगपुर। बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतकों में सेवानिवृत्त स्कूल शिक्षक गणपति चक्रवर्ती (65), उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती (50), बेटी आगामी चक्रवर्ती (23) और बेटा प्रियम चक्रवर्ती (12) शामिल हैं। परिवार के सभी सदस्य रंगपुर के मछुआपाड़ा इलाके में रहते थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, परिवार के सदस्यों से संपर्क नहीं होने पर शनिवार रात घर का ताला तोड़ा गया, जिसके बाद चारों के शव बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में चारों की गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था और कुछ आभूषण भी गायब मिले।
मामले में पुलिस ने मुग्ध दास (23) और सिद्धार्थ दास (19) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की है। जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपियों ने परिवार को पहचान लिए जाने के डर से हत्या की और घर से सोने के आभूषण भी लूटे।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और हत्या के पीछे की पूरी वजह तथा घटनाक्रम को लेकर पूछताछ जारी है।

0 Comments