इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर की बेटी सारा लुणावत ने दुनिया की प्रतिष्ठित ऑक्सवर्ड यूनियन सोसाइटी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कानून (लॉ) की पढ़ाई कर रही सारा ने ऑक्सफोर्ड यूनियन के सचिव पद का चुनाव जीत लिया। चुनाव में उन्हें 900 में से 523 वोट मिले, जिससे उन्होंने शानदार जीत दर्ज की।
बताया जा रहा है कि लंबे समय बाद किसी भारतीय छात्रा ने ऑक्सफोर्ड यूनियन के इस महत्वपूर्ण पद पर जीत हासिल की है। करीब एक वर्ष पहले इंदौर से उच्च शिक्षा के लिए ऑक्सफोर्ड पहुंचीं सारा अब विश्व की सबसे प्रतिष्ठित छात्र बहस और नेतृत्व संस्थाओं में से एक का हिस्सा बन गई हैं।
जीत के बाद सारा लुणावत ने कहा कि विद्यार्थियों ने जिस भरोसे के साथ उन्हें चुना है, उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य छात्र हितों को प्राथमिकता देना और यूनियन के माध्यम से विद्यार्थियों की आवाज़ को प्रभावी ढंग से उठाना होगा।
सारा की इस उपलब्धि पर इंदौर सहित पूरे मध्य प्रदेश में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता को देश के युवाओं, विशेषकर विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे भारतीय छात्रों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।

0 Comments