स्कूल बस चालकों को यातायात पुलिस ने दिया सुरक्षा का प्रशिक्षण, ब्लाइंड स्पॉट से बचाव के बताए तरीके


इंदौर। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देहली इंटरनेशनल स्कूल, धार रोड में स्कूल बस चालक और बस अटेंडरों के लिए विशेष सड़क सुरक्षा एवं छात्र सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान यातायात पुलिस अधिकारियों ने स्कूल बस संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। बस चालकों और अटेंडरों को सुप्रीम कोर्ट द्वारा स्कूल बसों की सुरक्षा को लेकर जारी दिशा-निर्देशों के बारे में बताया गया। इसमें बस की फिटनेस, प्रशिक्षित चालक की नियुक्ति, निर्धारित गति सीमा का पालन, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और बच्चों को सुरक्षित तरीके से बस में बैठाने एवं उतारने जैसे विषय शामिल रहे।

कार्यक्रम में ब्लाइंड स्पॉट को लेकर विशेष प्रैक्टिकल डेमो दिया गया। खड़ी स्कूल बस के माध्यम से चालकों को बताया गया कि बस के आगे, पीछे और दोनों ओर कुछ ऐसे हिस्से होते हैं जहां चालक को बच्चे दिखाई नहीं देते। यातायात पुलिस ने निर्देश दिए कि बस चलाने से पहले चारों तरफ निरीक्षण जरूर करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई बच्चा ब्लाइंड स्पॉट क्षेत्र में मौजूद न हो।

बस अटेंडरों को बच्चों के चढ़ने और उतरने के दौरान सतर्क रहने, बस के पहियों और आसपास के हिस्सों में बच्चों की मौजूदगी पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही ट्रैफिक अल्फाबेट कैलेंडर के माध्यम से यातायात नियमों और सड़क संकेतों की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में यातायात पुलिस टीम ने सभी बस चालकों और अटेंडरों को "नशे से दूरी है जरूरी" का संकल्प दिलाते हुए यातायात नियमों का पालन करने और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की शपथ दिलाई। स्कूल प्रबंधन ने यातायात पुलिस के इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की।

Post a Comment

0 Comments