किसानों की मूंग खरीदी पर सियासत तेज, केंद्र ने MP सरकार को दिया जवाब

 


भोपाल। मध्य प्रदेश में मूंग खरीदी की सीमा बढ़ाने की मांग को लेकर राज्य और केंद्र सरकार के बीच मतभेद सामने आए हैं। केंद्र सरकार ने राज्य की मांग पर जवाब देते हुए कहा है कि ग्रीष्मकालीन सीजन 2025-26 में मध्य प्रदेश को पहले ही बड़ी मात्रा में मूंग खरीदी की मंजूरी दी जा चुकी है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अनुसार, देशभर के लिए मंजूर 5.23 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदी में से मध्य प्रदेश को 4.54 लाख मीट्रिक टन से अधिक की मंजूरी मिली है। यह राष्ट्रीय स्तर की मंजूर मात्रा का करीब 87 फीसदी हिस्सा है। केंद्र ने इसे प्रदेश के लिए अब तक की सबसे बड़ी मूंग खरीदी मंजूरी बताया है।

केंद्र ने राज्य सरकार से कहा है कि पहले मंजूर लक्ष्य के अनुसार खरीदी तेजी से पूरी कराई जाए, ताकि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का लाभ मिल सके। मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 16 जुलाई तक प्रदेश में करीब 7,947.92 मीट्रिक टन मूंग की खरीदी हुई थी, जो मंजूर लक्ष्य का लगभग 2 फीसदी है।

केंद्र का कहना है कि मंजूर मात्रा पूरी होने के बाद यदि अतिरिक्त खरीदी की जरूरत रहती है तो नियमों के अनुसार राज्य के प्रस्ताव पर विचार किया जा सकता है।

Post a Comment

0 Comments