खंडवा, मध्य प्रदेश। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को खंडवा में आयोजित राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव से प्रदेश के किसानों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 82 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में एक क्लिक के जरिए ₹3,300 करोड़ की राशि हस्तांतरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभ का धंधा बनाने और आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 को 'कृषक कल्याण वर्ष' बताया और कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए नई योजनाओं का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए नई पुलिस बटालियन गठित करने की घोषणा भी की।
सीएम ने किसानों से प्राकृतिक और आधुनिक तकनीक आधारित खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश को कृषि के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

0 Comments