पहली बार कावड़ यात्रियों के लिए बनेंगे विश्राम स्थल



खंडवा रोड के बाईग्राम और उज्जैन रोड़ के राजोदा में होगा इंतजाम

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार इंदौर जिले में कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसी क्रम में इंदौर के खंडवा रोड स्थित बाईग्राम में कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष पड़ाव स्थल विकसित किया जा रहा है, जहां उनके ठहरने, चाय-नाश्ता, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसी तरह की व्यवस्था इंदौर जिले के उज्जैन रोड़ के सांवेर के ग्राम राजोदा में भी की जा रही है।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने आज संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित पड़ाव स्थल बाईग्राम का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर एसडीएम महू राकेश परमार तथा तहसीलदार विवेक सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इंदौर जिले से होकर गुजरने वाले संपूर्ण कांवड़ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जहां कहीं भी सड़कों की मरम्मत की आवश्यकता हो, वहां तत्काल आवश्यक कार्य कराए जाएं, ताकि कांवड़ यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर प्रभावी यातायात प्रबंधन किया जाए तथा ट्रैफिक व्यवस्था ऐसी रहे कि श्रद्धालुओं की आवाजाही निर्बाध और सुरक्षित बनी रहे।

Post a Comment

0 Comments