भोपाल। मध्य प्रदेश में मूंग खरीदी के मुद्दे पर किसानों का आंदोलन मंगलवार को राजधानी भोपाल में उग्र हो गया। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर नर्मदापुरम, हरदा, सीहोर, रायसेन और अन्य जिलों से बड़ी संख्या में किसान भोपाल पहुंचे। किसानों ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर 100% मूंग खरीदी की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश की।
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की। बैरिकेड हटाने की कोशिश के दौरान किसानों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद कई किसानों को हिरासत में लिया गया। आंदोलन के कारण होशंगाबाद रोड समेत राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
किसानों का कहना है कि इस बार मूंग की अच्छी पैदावार हुई है, लेकिन सरकार सीमित मात्रा में खरीद कर रही है, जिससे बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर हैं। उनकी मांग है कि सरकार MSP पर पूरी मूंग की खरीदी सुनिश्चित करे और पंजीकरण व खरीद प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों को भी दूर करे।
इधर, कृषि मंत्री ने किसान प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी मांगों पर चर्चा की। सरकार ने किसानों को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार से मूंग खरीदी का लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध किया जाएगा और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। हालांकि, किसान संगठनों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।

0 Comments