खरगोन। महेश्वर के प्रसिद्ध सहस्त्रधारा घाट पर नर्मदा नदी में नहाने के दौरान इंदौर के 30 वर्षीय युवक अर्पित हाड़ा की डूबने से मौत हो गई। अर्पित अपने परिवार के साथ महेश्वर घूमने आया था।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच परिवार के साथ सहस्त्रधारा घाट पहुंचा था। इसी दौरान नर्मदा में स्नान करते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव के साथ गहरे पानी में चला गया। परिजनों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते वह आंखों से ओझल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ, होमगार्ड और गोताखोरों की टीम ने रविवार शाम से रात तक युवक की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
करीब 9 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार शाम नर्मदा नदी से अर्पित का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अर्पित हाड़ा इंदौर के निपानिया क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

0 Comments