दिल्ली। संसद के मानसून सत्र में एंटी पेपर लीक बिल को लेकर सियासी टकराव तेज हो गया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल संसद में हंगामा कर एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा नहीं होने दे रहे हैं। भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर भी दावा किया गया कि कांग्रेस इस बिल का विरोध कर रही है।
सरकार ने सोमवार को पब्लिक एग्जामिनेशंस (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक, 2026 लोकसभा में पेश किया। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लगातार हंगामा कर रहे हैं, जिससे करोड़ों छात्रों से जुड़े इस महत्वपूर्ण विधेयक पर बहस नहीं हो पा रही।
हालांकि कांग्रेस का कहना है कि उसका विरोध बिल से नहीं, बल्कि NEET पेपर लीक मामले और छात्र प्रदर्शन पर कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर है। विपक्ष ने गृह मंत्री से बयान की मांग करते हुए सदन में विरोध जारी रखा।
क्या बिल पास हो गया?
नहीं। सोमवार को लोकसभा में लगातार हंगामे के कारण बिल पर चर्चा और मतदान नहीं हो सका। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पहल के बाद सभी दलों ने मंगलवार को इस बिल पर चर्चा करने पर सहमति जताई है। इसलिए फिलहाल यह विधेयक पास नहीं हुआ है।

0 Comments