26 दिनों बाद Sonam Wangchuk ने खत्म की भूख हड़ताल!



सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने 26 दिनों से जारी अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुक्रवार तड़के समाप्त कर दी। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में उन्होंने जूस पीकर अपना अनशन तोड़ा। दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने वांगचुक से मुलाकात कर उनकी मांगों पर हुई बातचीत और सरकार की ओर से दिए गए आश्वासनों की जानकारी दी। 

वांगचुक ने सोशल मीडिया पर बताया कि लंबी वार्ता के बाद सरकार ने कई अहम मुद्दों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है। इनमें शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने, परीक्षा प्रणाली में जवाबदेही और सुधार के मुद्दे को संसद में उठाने तथा पेपर लीक से प्रभावित परिवारों के लिए राहत और मुआवजे पर विचार करने का आश्वासन शामिल है। उन्होंने कहा कि देश में किसी भी तरह की हिंसा रोकने और आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखने के उद्देश्य से उन्होंने अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोनम वांगचुक के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और डॉक्टरों की सलाह का पालन करने की अपील की। हालांकि, आंदोलन से जुड़े संगठनों ने स्पष्ट किया है कि वांगचुक के अनशन समाप्त करने के बावजूद शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments