सतना में जेल से छूटते ही हत्या के आरोपी का शक्ति प्रदर्शन! बोनट पर बैठकर आरोपी का वीडियो वायरल

मध्य प्रदेश के सतना में 16 वर्षीय सत्यम शुक्ला हत्याकांड के आरोपी मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल को जमानत मिलने के बाद समर्थकों ने रैली निकालकर स्वागत किया। बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीने का वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।

सतना। मध्य प्रदेश के सतना में हत्या के एक मामले में जेल में बंद आरोपी की जमानत पर रिहाई के बाद निकली रैली का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। जेल से बाहर आते ही आरोपी का समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया। इसके बाद बाइक और गाड़ियों का काफिला निकाला गया।

वायरल वीडियो में 23 वर्षीय मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल बोलेरो के बोनट पर बैठा हुआ नजर आ रहा है। काफिले के दौरान उसका अंदाज भी चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि यह काफिला बिरला रोड से सिद्धार्थ कॉलोनी तक पहुंचा।

मान सिंह 16 वर्षीय सत्यम शुक्ला हत्याकांड में आरोपी है और करीब 14 महीने से जेल में बंद था। अदालत से जमानत मिलने के बाद 3 नवंबर को उसकी रिहाई हुई।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद कानून-व्यवस्था और ऐसे सार्वजनिक शक्ति प्रदर्शन पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस की ओर से मामले में कार्रवाई की बात कही गई है।

Post a Comment

0 Comments