नीता अंबानी का बड़ा ऐलान, 5 हजार लोगों के लिए बनेगा 100 एकड़ में अनंत आश्रय

 महाराष्ट्र के कर्जत में रिलायंस फाउंडेशन की ओर से एक विशेष आवासीय परिसर विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य अनाथ बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को सिर्फ रहने की जगह देना नहीं, बल्कि उन्हें परिवार जैसा माहौल और बेहतर जीवन की सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

रिलायंस फाउंडेशन की फाउंडर और चेयरपर्सन नीता अंबानी ने रविवार, 1 नवंबर को अपने जन्मदिन के अवसर पर 'नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय' का भूमिपूजन किया। करीब 100 एकड़ में बनने वाले इस परिसर से 5,000 से अधिक जरूरतमंद लोगों को लाभ मिलने का दावा किया गया है। इस कार्यक्रम में ईशा अंबानी भी मौजूद रहीं।

परियोजना की खास बात यह होगी कि यहां रहने वालों को संस्थागत आश्रय के बजाय परिवार जैसा वातावरण देने की योजना है। छोटे-छोटे घर बनाए जाएंगे, जहां प्रशिक्षित देखभालकर्ता उनकी जरूरतों का ध्यान रखेंगे। प्रत्येक व्यक्ति के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और व्यक्तिगत विकास की अलग योजना तैयार की जाएगी।

परिसर में विशेष अस्पताल, पुनर्वास केंद्र, फिजियोथेरेपी, स्कूल, खेल मैदान और कला-संगीत से जुड़ी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। इसके अलावा बेकरी, कैफे और हस्तशिल्प केंद्रों के माध्यम से कौशल विकास और रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। पूरे परिसर में निवासियों, कर्मचारियों, चिकित्सा विशेषज्ञों और उनके परिवारों को मिलाकर करीब 15 हजार लोगों का समुदाय विकसित करने की योजना है।

नीता अंबानी ने कहा कि उनकी सबसे बड़ी इच्छा है कि ऐसे माता-पिता को यह भरोसा मिल सके कि उनके बाद भी उनके बच्चों के पास अपना घर और परिवार होगा। उन्होंने इस पहल को भारत मां के चरणों में एक मां की छोटी-सी भेंट बताया।

यह परियोजना आवश्यक सरकारी मंजूरियां मिलने के बाद अलग-अलग चरणों में विकसित की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments