इंदौर की जत्रा में मराठी पकवानों का स्वाद, लावणी ने जमाया रंग; 50 से ज्यादा स्टॉल पर उमड़ी भीड़

 गांधी हॉल की जत्रा में 50 से ज्यादा स्टॉल, मराठी व्यंजन, लावणी और दीपावली की खरीदारी बनी आकर्षण।

इंदौर। गांधी हॉल परिसर में आयोजित तीन दिवसीय एमडीएच प्रेजेंट्स जत्रा में शनिवार को भी शहरवासियों की भीड़ उमड़ी। यहां 50 से ज्यादा स्टॉल पर पारंपरिक मराठी व्यंजनों के साथ दीपावली की सजावटी और हस्तनिर्मित वस्तुएं आकर्षण का केंद्र रहीं।

पूरण पोली, उकड़ीचे मोदक, गुड़ रोटी, झुणका भाकर, भाकरवड़ी और सोलकढ़ी जैसे पारंपरिक व्यंजनों का लोगों ने स्वाद लिया। वहीं, महाराष्ट्र की पारंपरिक लावणी प्रस्तुति ने आयोजन में सांस्कृतिक रंग भर दिए।

सुधीर दांडेकर और राजेश शाह ने बताया कि जत्रा के दूसरे दिन दोपहर 1:30 बजे से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। शाम होते-होते गांधी हॉल परिसर में भीड़ बढ़ती गई। लोगों ने दीपावली की खरीदारी के साथ मराठी व्यंजनों का आनंद लिया।

तृप्ति महाजन और सुमेधा बावकर ने बताया कि जत्रा में दीपावली डेकोरेशन, गृह सज्जा की वस्तुओं, हैंडीक्राफ्ट, हस्तनिर्मित खाद्य पदार्थों और कोंकण क्षेत्र के उत्पादों के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।

दर्शन जागीरदार और नीरज तेलंग ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए गांधी हॉल के मुख्य प्रवेश द्वार से जत्रा परिसर तक निशुल्क ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है।

जत्रा की खासियत इसका पारिवारिक माहौल रहा। यहां तीन पीढ़ियां एक साथ पहुंचीं। कई परिवार घर से दरी लेकर आए और खुले परिसर में बैठकर मराठी व्यंजनों का स्वाद लेते हुए लावणी का आनंद उठाया। तीन दिवसीय जत्रा का समापन रविवार को होगा।

Post a Comment

0 Comments