संजय सिंह ने धीरेंद्र शास्त्री को बताया 'बेवकूफ', भगवान राम-कृष्ण पर दिए बयानों को लेकर साधा निशाना

  AAP सांसद संजय सिंह ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को 'एक नंबर का बेवकूफ आदमी' बताते हुए उनके भगवान राम और श्रीकृष्ण से जुड़े बयानों पर निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी शास्त्री को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर तीखा हमला बोला है। संजय सिंह ने उन्हें 'एक नंबर का बेवकूफ आदमी' बताते हुए उनके बयानों पर सवाल उठाए। उनके इस बयान के बाद धार्मिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

संजय सिंह ने धीरेंद्र शास्त्री के भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े बयानों को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री पहले भी कई बार विवादित बयान दे चुके हैं। संजय सिंह ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि ऐसे लोगों को राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है।

संजय सिंह ने कुंभ मेले में हुई मौतों को लेकर धीरेंद्र शास्त्री के पुराने बयान का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि हादसे में जान गंवाने वालों की मौत को मोक्ष से जोड़ना कितना उचित है। संजय सिंह ने कहा कि अगर कोई दूसरा व्यक्ति भगवान श्रीकृष्ण को लेकर ऐसी टिप्पणी करता तो उसके खिलाफ क्या कार्रवाई होती?

दरअसल, मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में रामकथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के स्वरूप को लेकर टिप्पणी की थी। इस पर विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने सफाई देते हुए माफी भी मांगी थी। इसके बावजूद राजनीतिक बयानबाजी जारी है। 

Post a Comment

0 Comments