इंदौर में शोकसभा के बीच युवक की मौत, हाथ-पैर और सिर पर मिले चोट के निशान; हत्या की आशंका

 इंदौर में शोकसभा के बीच युवक की हत्या से सनसनी! खुड़ैल के नीलगिरी अपार्टमेंट में 22 वर्षीय दीपक सोलंकी खून से लथपथ मिला था। उसके हाथ, पैर और सिर पर चोट के निशान थे। अस्पताल में गुरुवार को उसकी मौत हो गई। अंधेरे में हुई मारपीट के आरोपी अब तक सामने नहीं आए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

इंदौर। खुड़ैल थाना क्षेत्र के नीलगिरी अपार्टमेंट में 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक बुधवार देर रात अपार्टमेंट परिसर में टेंट के पास गंभीर घायल अवस्था में मिला था। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। अस्पताल में उपचार के दौरान गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान दीपक सोलंकी (22), निवासी ग्राम बरौठा, देवास के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, अपार्टमेंट में रहने वाले राहुल सोलंकी की मां के निधन पर शोकसभा का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसके लिए परिसर में टेंट लगाया गया था। रात में अचानक बाहर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। आवाज सुनकर परिजन बाहर पहुंचे तो दीपक खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।

परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। बताया जा रहा है कि दीपक के हाथ, पैर और सिर पर गंभीर चोटें थीं।

परिजनों के मुताबिक, जिस जगह युवक के साथ मारपीट हुई, वहां अंधेरा था। इसी कारण हमलावरों को कोई पहचान नहीं पाया। घटना की सूचना मिलने पर खुड़ैल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हत्या की आशंका को देखते हुए परिजनों और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ करेगी। फिलहाल युवक पर हमला किसने और किस वजह से किया, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

Post a Comment

0 Comments