इंदौर मेट्रो की अंडरग्राउंड टनल में बना रिकॉर्ड, एक दिन में बिछाईं गईं 11 रिंग; फिर भी पूरा होने में लगेंगे 2 साल

इंदौर मेट्रो की एयरपोर्ट रोड पर बन रही अंडरग्राउंड टनल में एक दिन में 11 रिंग लगाने का रिकॉर्ड बना है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने निरीक्षण के दौरान बताया कि अब तक 90 मीटर टनल बन चुकी है, जबकि निर्माण पूरा होने में करीब दो साल लगेंगे।

इंदौर में मेट्रो के अंडरग्राउंड टनल निर्माण का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एयरपोर्ट रोड पर निर्माणाधीन अंडरग्राउंड टनल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और इंजीनियरों व कर्मचारियों की सराहना की।

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि सामान्य तौर पर टनल निर्माण के दौरान प्रतिदिन 8 से 9 रिंग लगाई जाती हैं, लेकिन यहां काम कर रही टीम ने एक दिन में 11 रिंग लगाकर रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय पर पूरा करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है।

विजयवर्गीय के मुताबिक, टनल निर्माण के लिए विश्वस्तरीय आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। अब तक करीब 90 मीटर टनल तैयार हो चुकी है। यह निर्माण जमीन से लगभग 20 मीटर नीचे किया जा रहा है। काम में तेजी के बावजूद पूरी टनल के निर्माण में अभी करीब दो साल का समय लगेगा।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मेट्रो टनल के जनरल मैनेजर राजपूत और इंजीनियरों के साथ बैठक कर प्रोजेक्ट की जानकारी ली। उन्होंने टनल निर्माण में जुटे टेक्नीशियन और वर्कर्स को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और मिठाई खिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

Post a Comment

0 Comments