इंदौर में 25 साल का युवक 15 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार, 18 केस पहले से दर्ज

 इंदौर क्राइम ब्रांच ने राजकुमार सब्जी मंडी के पास से मनोज उर्फ मनु को 15 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ पहले से करीब 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इंदौर। शहर में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने राजकुमार सब्जी मंडी के पास से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान निरंजनपुर निवासी मनोज उर्फ मनु (25) के रूप में हुई है। उसके पास से 15 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।

क्राइम ब्रांच की टीम हनुमान मंदिर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर घबराने लगा। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और तलाशी ली। उसके पास सफेद रुमाल में रखी 15 ग्राम ब्राउन शुगर मिली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

क्राइम ब्रांच के मुताबिक, आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। उसके खिलाफ चोरी, लूट, मारपीट, अड़ीबाजी और आर्म्स एक्ट समेत करीब 18 मामले दर्ज हैं। इनमें नशे से जुड़े मामले भी शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से ब्राउन शुगर की खरीद-फरोख्त, सप्लायर और शहर में सक्रिय नशा तस्करी के नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।

Post a Comment

0 Comments